अमरीका और उसके घटक देशों के हवाई हमलों के बाद, आईएसआईएल ने सीरिया के कूबानी शहर से पीछे हटना शुरू कर दिया है।
सीरिया-तुर्की सीमा पर स्थित उर्फ़ा शहर से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, सीरियाई कुर्द बलों ने अमरीकी हवाई हमलों की सहायता से बुधवार को आईएसआईएल के आतंकवादियों को शहर के उन इलाक़ों से पीछे हटने पर मजबूर कर दिया जिन पर कई दिनों की भीषण लड़ाई के बाद उनका क़ब्ज़ा हो गया था। तथाकथित सीरियन ऑबज़रवेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स के निदेशक रामी अब्दुल रहमान ने भी कहा है कि आईएसआईएल के लड़ाके बुधवार की सुबह कूबानी शहर के पूर्वी एवं दक्षिण पूर्वी इलाक़ों से पीछे हट गए हैं।
रहमान ने बताया कि पीछे हटने के बावजूद, तकफ़ीरी आतंकवादी गुट आईएसआईएल के लड़ाके रणनीतिक शहर के पूर्वी एवं दक्षिणी किनारे में मौजूद हैं, लेकिन अब वे शहर के भीतर नहीं हैं। मंगलवार को तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैय्यब अर्दोग़ान ने कहा था कि कूबानी, सशस्त्र गुट के हाथों में जाना वाला है और यह शहर पतन की कगार पर है।
मंगलवार को सीरिया के तीसरे सबसे बड़े कुर्द बाहुल्य शहर के पश्चिमी और दक्षिणी भाग की सड़कों पर कुर्द बलों और आईएसआईएल के लड़ाकों के बीच घमासान की लड़ाई हुई। कुर्द बलों की सहायता के लिए अमरीका ने शहर पर और उसके आसपास के इलाक़ों पर कई हवाई हमले किए।
कूबानी के पत्रकार एवं कार्यकर्ता मुस्तफ़ा अब्दी ने फ़ेसबुक के अपने पेज पर कुछ तस्वीरें पोस्ट की हैं जिनमें कूबानी के उपनगर मक़तला की सड़कों पर हर ओर आईएसआईएल के लड़ाकों की बिखरी हुई लाशों को देखा जा सकता है।
8 अक्टूबर 2014 - 18:50
समाचार कोड: 643085
अमरीका और उसके घटक देशों के हवाई हमलों के बाद, आईएसआईएल ने सीरिया के कूबानी शहर से पीछे हटना शुरू कर दिया है।